अल्मोड़ा: ताड़ीखेत में NMOPS कार्यकर्ताओं ने किया FIR प्रतियों का दहन
जंतर–मंतर रैली के बाद राष्ट्रीय नेतृत्व पर कार्रवाई के विरोध में तेज़ हुआ आंदोलन
ताड़ीखेत। पुरानी पेंशन बहाली (OPS) आंदोलन को दबाने की कोशिशों के खिलाफ आज NMOPS ताड़ीखेत ब्लॉक इकाई ने सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध जताया। 25 नवंबर को जंतर–मंतर पर अनुमति लेकर आयोजित की गई राष्ट्रीय रैली के बाद NMOPS के शीर्ष नेतृत्व पर दर्ज की गई FIR के विरोध में कार्यकर्ताओं ने FIR प्रतियों का प्रतीकात्मक दहन किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि शांतिपूर्ण रैली के बाद राष्ट्रीय पदाधिकारियों पर FIR दर्ज करना मानसिक प्रताड़ना और आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास है। उन्होंने प्रश्न उठाया कि “क्या देश का शिक्षक–कर्मचारी अपनी जायज़ माँगों के लिए शांतिपूर्ण रैली भी नहीं कर सकता?”
NMOPS कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन को हर स्तर पर प्रभावित करने का प्रयास कर रही है, लेकिन आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक OPS बहाल नहीं होती।
दहन कार्यक्रम में NMOPS ताड़ीखेत के अध्यक्ष जीवन चंद्र तिवारी, उपाध्यक्ष चारु चंद्र पांडे, महिला उपाध्यक्ष डॉ. पुष्पा उपाध्याय, कुंदन राम, ममता आर्य, अशोक कुमार, अमित शर्मा, ललित मोहन तिवारी, किशन राम, उमा मनराल, एकता रावत, दिनेश भंडारी (नर्सिंग अधिकारी), रश्मि भंडारी (नर्सिंग अधिकारी) सहित कई शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।
