अल्मोड़ा: जिलाधिकारी ने लिया पुस्तकालय सुधारों का जायज़ा, बच्चों ने थैंक्यू कार्ड देकर जताया आभार
हीटर, स्वच्छता व आरओ पानी की व्यवस्था से खुश विद्यार्थी; हेरिटेज लाइब्रेरी के रूप में विकसित होगा पुस्तकालय
अल्मोड़ा के राजकीय पुस्तकालय में चल रहे सुधार कार्यों की प्रगति का जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज पुनः निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पहले दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की और पुस्तकालय में हुए उल्लेखनीय बदलावों पर संतोष जताया। जिलाधिकारी ने कहा कि अब पुस्तकालय छात्रों को बेहतर, शांत और अध्ययन-अनुकूल वातावरण उपलब्ध करा रहा है।
निरीक्षण के दौरान पुस्तकालय में अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात की और सुविधाओं में आए बदलावों पर खुशी ज़ाहिर की। बच्चों ने हीटर, स्वच्छता व्यवस्था और आरओ पानी की सुविधा बेहतर किए जाने पर जिलाधिकारी को अपने हाथों से बनाए थैंक्यू कार्ड, एक क्रिकेट बॉल और एक सुंदर हस्तनिर्मित पोस्टर भेंट किया। बच्चों के उत्साह और मुस्कान को देखकर जिलाधिकारी ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बताया कि पुस्तकालय में कई महत्वपूर्ण सुधार पूरे किए जा चुके हैं और परिसर को और आकर्षक बनाने के लिए जल्द ही लाइटें लगाई जाएँगी। उन्होंने कहा कि राजकीय पुस्तकालय को हेरिटेज लाइब्रेरी के रूप में विकसित करने का लक्ष्य है, जिससे यह अध्ययन और सांस्कृतिक संरक्षण का एक प्रमुख केंद्र बन सके।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी युक्त मिश्र, मुख्य शिक्षा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
