देश

अल्मोड़ा: कसार देवी क्षेत्र में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने हेतु महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

पर्यटन मार्गों, व्यूपॉइंट्स, सुविधाओं के सुधार और प्रचार-प्रसार पर जिलाधिकारी के निर्देश

कसार देवी क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को मजबूत करने और अधिक संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि कसार देवी अल्मोड़ा का प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहाँ प्राकृतिक सौंदर्य, अध्यात्म और सांस्कृतिक पर्यटन की व्यापक संभावनाएँ मौजूद हैं। इन संभावनाओं को व्यवस्थित रूप से विकसित कर क्षेत्र के पर्यटन को नई दिशा दी जा सकती है।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि पर्यटन मार्गों, व्यूपॉइंट्स और मुख्य स्थलों की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने हेतु अपने-अपने प्रस्ताव प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि पार्किंग व्यवस्था, संकेतक बोर्ड, बैठने की व्यवस्था और पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाएँ प्राथमिकता के आधार पर बेहतर की जाएँ। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि फॉरेस्ट विभाग से संबंधित आपत्तियों का समयबद्ध निदान किया जाए, ताकि विकास कार्यों में बाधाएँ न आएँ।

मंदिर क्षेत्र के प्रचार-प्रसार को लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि आधुनिक माध्यमों का उपयोग किया जाए, जिससे अधिक से अधिक पर्यटक इस क्षेत्र की सुंदरता और विशेषताओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का प्रभावी प्रचार पर्यटन वृद्धि का महत्वपूर्ण माध्यम है।

बैठक में जिलाधिकारी ने होटल व्यवसायियों की समस्याएँ भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रबंधन, सुव्यवस्थित योजना और विभागों के आपसी समन्वय से कसार देवी क्षेत्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए और अधिक आकर्षक बनाया जाएगा।

बैठक में उप निदेशक पर्यटन प्रकाश सिंह खत्री, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, जिला विकास अधिकारी एस.के. पंत, होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *