‘प्रशासन गाँव की ओर’ अभियान: चांडीखेत व भिकियासैंण न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविर, 1286 लाभार्थी हुए लाभान्वित
Loklens News | अल्मोड़ा |
जनपद अल्मोड़ा में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” की भावना के साथ ‘प्रशासन गाँव की ओर’ अभियान निरंतर प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत न्याय पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन कर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है, साथ ही विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।
इसी क्रम में विकासखंड भिक्यासैण की न्याय पंचायत भिकियासैंण तथा विकासखंड चौखुटिया की न्याय पंचायत चांडीखेत में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई और प्राप्त शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
न्याय पंचायत भिकियासैंण में आयोजित शिविर के दौरान 771 व्यक्तियों को विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। वहीं न्याय पंचायत चांडीखेत में आयोजित शिविर से 515 लाभार्थी लाभान्वित हुए। शिविरों में राजस्व, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास सहित अन्य विभागों ने सहभागिता कर नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया।
प्रशासन का कहना है कि ऐसे शिविरों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उनके द्वार पर सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे समय और संसाधनों की बचत के साथ योजनाओं का वास्तविक लाभ सुनिश्चित हो रहा है।
