अंकिता भंडारी हत्याकांड पर कांग्रेस का दबाव तेज,विधायक मनोज तिवारी ने CBI जांच की मांग; 5 को अल्मोड़ा में बड़ा प्रदर्शन
उत्तराखण्ड | राजनीति व जनहित
Loklens News | अल्मोड़ा
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर अल्मोड़ा में कांग्रेस का दबाव लगातार तेज होता जा रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
विधायक मनोज तिवारी ने स्पष्ट किया कि यह मामला केवल एक अपराध नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था और जनविश्वास से जुड़ा गंभीर प्रश्न है। उन्होंने घोषणा की कि 5 तारीख को अल्मोड़ा में कांग्रेस द्वारा बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें जिले भर से कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल होंगे।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ताराचंद जोशी, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष भैरव गौस्वामी, एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष संजू कथायत शामिल रहे।
इसके साथ ही व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुशील शाह, महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष राधा बिष्ट तथा यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष दीपक कुमार की उपस्थिति ने आंदोलन को व्यापक समर्थन का संकेत दिया।
प्रेस वार्ता के दौरान विधायक मनोज तिवारी ने आम जनता से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि आज रात “अंकिता भंडारी के नाम” एक दिया जलाकर न्याय की आवाज को और मजबूत किया जाए। कांग्रेस नेताओं ने दो टूक कहा कि जब तक अंकिता भंडारी को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक पार्टी सड़क से सदन तक आंदोलन जारी रखेगी।
