प्रदेश

सिर्फ प्रतिमा नहीं, एक विरासत का स्मरण… राजा जगतदेव की गाथा के साथ सरकार का बड़ा संदेश

उत्तराखंड | जनजातीय संस्कृति

Loklens News | उधमसिंह नगर

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को उधमसिंह नगर जनपद के गदरपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रोशनपुर डलबाबा में बुक्सा जनजाति समाज के महान योद्धा राजा जगतदेव की प्रतिमा का वर्चुअल माध्यम से अनावरण किया। यह अवसर न केवल एक प्रतिमा स्थापना का रहा, बल्कि बुक्सा जनजाति के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक चेतना और बलिदान परंपरा के सार्वजनिक स्मरण का भी साक्षी बना।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राजा जगतदेव का जीवन त्याग, वीरता, धर्मनिष्ठा और संस्कृति संरक्षण का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक मूर्ति के अनावरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बुक्सा समाज की परंपरा, स्वाभिमान और सांस्कृतिक पहचान को सम्मान देने का अवसर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी राजा जगतदेव ने धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व अर्पित किया, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, कोटद्वार सहित राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में बसे बुक्सा समाज के लोग आज भी अपनी परंपराओं और आत्मसम्मान को जीवंत बनाए हुए हैं। राज्य सरकार जनजातीय समुदायों के सांस्कृतिक संरक्षण, उनके इतिहास के दस्तावेजीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि राजा जगतदेव की गौरवगाथा पर शोध कार्य भी होने चाहिए, ताकि युवा पीढ़ी अपने इतिहास से जुड़ सके।

क्षेत्रीय विकास से जुड़ी अहम घोषणाएँ

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को लेकर तीन महत्वपूर्ण घोषणाएँ भी कीं। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा रोशनपुर में स्थित श्री डलबाबा मंदिर परिसर में चाहरदीवारी, टीनशेड, फर्श एवं शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही ग्राम बलरामनगर से खेमपुर तक 3 किलोमीटर सड़क तथा ग्राम सीतापुर से एएनके इंटर कॉलेज तक 4 किलोमीटर सड़क के पुनर्निर्माण कार्य कराए जाएंगे।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश चुघ, दर्जामंत्री मंजीत सिंह राजू, जिलाधिकारी उधमसिंह नगर नितिन भदौरिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *