सिर्फ औपचारिक मुलाकात या भविष्य का संकेत? मुख्यमंत्री से मिली प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी
उत्तराखंड | मीडिया
Loklens News | देहरादून
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तरांचल प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने अध्यक्ष अजय राणा के नेतृत्व में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी भी उपस्थित रहे। यह मुलाकात प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी के गठन के बाद मुख्यमंत्री से हुई पहली औपचारिक भेंट रही।
मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब के नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और राज्य सरकार मीडिया से जुड़े प्रतिनिधियों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य के समग्र विकास में मीडिया की भूमिका एक सहयोगी के रूप में अहम है और सरकार इस सहयोग को सकारात्मक रूप से आगे बढ़ाना चाहती है।
इस अवसर पर प्रेस क्लब के निवर्तमान अध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी ने कहा कि पूर्व में भी प्रेस क्लब को मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का सहयोग मिलता रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी प्रेस क्लब को इसी प्रकार का सहयोग प्राप्त होता रहेगा।
प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजय राणा और महामंत्री योगेश सेमवाल ने प्रेस क्लब भवन निर्माण से संबंधित प्रस्ताव को लेकर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पहल पत्रकारों के लिए एक स्थायी और सुदृढ़ संस्थागत आधार प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री से हुई इस मुलाकात के दौरान प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, कार्यकारिणी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सोबन सिंह गुसाईं, संयुक्त मंत्री शिवेश शर्मा और मीना नेगी, संप्रेक्षक विजय जोशी तथा कार्यकारिणी सदस्य मनमोहन लखेड़ा, रश्मि खत्री, सुलोचना पयाल, वीरेंद्र डंगवाल, मनोज जयाड़ा, हरीश थपलियाल और मनवर सिंह रावत उपस्थित रहे।
यह भेंट मीडिया और सरकार के बीच संवाद और समन्वय के संदर्भ में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिसमें पत्रकारों से जुड़े मुद्दों और संस्थागत सहयोग पर चर्चा हुई।
