प्रदेश

मुख्यमंत्री ने डीबीटी के माध्यम से समाज कल्याण विभाग की पेंशन योजनाओं की दिसंबर माह की किश्त जारी

Loklens News | देहरादून

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के बैंक खातों में दिसंबर माह की पेंशन किश्त का भुगतान डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) प्रणाली के माध्यम से किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 9 लाख 43 हजार 964 लाभार्थियों के खातों में कुल 140 करोड़ 26 लाख 97 हजार रुपये की धनराशि ऑनलाइन जारी की। यह राशि वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन एवं अन्य समाज कल्याण पेंशन योजनाओं के अंतर्गत दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के कमजोर वर्गों, वृद्धजनों, विधवाओं, दिव्यांगजनों और निराश्रितों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी शासन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अब सभी प्रकार के भुगतान डीबीटी प्रणाली के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में किए जा रहे हैं, जिससे समयबद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है।

मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वृद्धावस्था पेंशन के लिए पात्र व्यक्तियों का 59 वर्ष की आयु से ही चिन्हीकरण किया जाए, ताकि 60 वर्ष पूर्ण होते ही उन्हें बिना किसी विलंब के पेंशन का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र लाभार्थी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

उन्होंने पेंशन योजनाओं के अंतर्गत नियमित सत्यापन एवं निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनहित की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस अवसर पर निदेशक समाज कल्याण डॉ. संदीप तिवारी, अपर सचिव प्रकाश चंद्र सहित समाज कल्याण विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *