रानीखेत में “अंकिता भंडारी को न्याय दो यात्रा”, CBI जांच की मांग
रानीखेत, 06 जनवरी 2026।
उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर मंगलवार को रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी द्वारा “अंकिता भंडारी को न्याय दो यात्रा” का आयोजन किया गया। यात्रा का नेतृत्व उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं कांग्रेस वर्किंग कमेटी सदस्य करन माहरा ने किया।
यह न्याय यात्रा घोड़ीखाल और चिलियानौला से प्रारंभ होकर विभिन्न गांवों, बाजारों और मोहल्लों से होते हुए वलना तक पहुंची, जिसमें बड़ी संख्या में आम नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। यात्रा के दौरान जगह-जगह नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और मामले की निष्पक्ष CBI जांच की मांग की गई।
सभा को संबोधित करते हुए करन माहरा ने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में सच्चाई सामने लाने के बजाय सरकार प्रभावशाली लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मामले को ठंडे बस्ते में नहीं जाने देगी और जब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
रानीखेत कांग्रेस कमेटी ने राज्य सरकार से पुनः मांग की कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की निष्पक्ष CBI जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाए।
