उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2026 का कार्यक्रम जारी, 21 फरवरी से 20 मार्च तक होंगी परीक्षाएं
LokLens News |
देहरादून।
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। परिषद के अनुसार, उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल (कक्षा 10) और इंटरमीडिएट (कक्षा 12) की परीक्षाएं 21 फरवरी से प्रारंभ होकर 20 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएंगी।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती के अनुसार, इस वर्ष हाईस्कूल के 1,12,679 और इंटरमीडिएट के 1,03,442 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षाएं राज्य के विभिन्न जिलों में स्थापित 1261 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न कराई जाएंगी।
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने बताया कि परीक्षा संचालन के लिए 50 एकल केंद्र और 1211 मिश्रित केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 24 नए परीक्षा केंद्र शामिल किए गए हैं। इसके अलावा 156 केंद्रों को संवेदनशील और 6 केंद्रों को अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखा गया है, जहां विशेष निगरानी व्यवस्था की जाएगी।
परीक्षा विवरण के अनुसार, हाईस्कूल स्तर पर 1,10,573 संस्थागत और 2,106 व्यक्तिगत छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। वहीं इंटरमीडिएट में 99,345 संस्थागत और 4,097 व्यक्तिगत परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। हाईस्कूल में 29 तथा इंटरमीडिएट में 45 प्रश्न पत्रों की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी।
परीक्षा समाप्ति के बाद सभी उत्तर पुस्तिकाएं संबंधित परीक्षा केंद्रों से उप-संकलन केंद्रों पर जमा कराई जाएंगी।
परीक्षा कार्यक्रम के तहत 21 फरवरी को इंटरमीडिएट की ड्राइंग एवं पेंटिंग की परीक्षा होगी। 23 फरवरी को इंटरमीडिएट की हिंदुस्तानी संगीत एवं टंकण, 24 फरवरी को हाईस्कूल की हिंदी तथा इंटरमीडिएट की हिंदुस्तानी संगीत की परीक्षा आयोजित की जाएगी। 25 फरवरी को इंटरमीडिएट की जीव विज्ञान एवं कृषि शस्य विज्ञान की परीक्षा होगी।
अंतिम दिन 20 मार्च 2026 को हाईस्कूल की हिंदुस्तानी संगीत एवं व्यवसायिक ट्रेड की परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तक आयोजित की जाएगी, जबकि इंटरमीडिएट की संस्कृत, उर्दू एवं पंजाबी विषय की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक संपन्न कराई जाएगी।
