प्रदेश

सोशल मीडिया विवाद: इंफ्लुएंसर ज्योति अधिकारी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत

LokLens News |

हल्द्वानी।
सोशल मीडिया पर विवादित बयान और सार्वजनिक आचरण के मामले में चर्चित इंफ्लुएंसर ज्योति अधिकारी को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। हल्द्वानी की ACJM कोर्ट ने मामले की सुनवाई के बाद यह आदेश दिया। ज्योति अधिकारी को गुरुवार शाम मुखानी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

जानकारी के अनुसार, ज्योति अधिकारी के खिलाफ सामाजिक कार्यकर्ता जूही चुफाल की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सोशल मीडिया पर किए गए बयानों और वीडियो के माध्यम से कुमाऊं क्षेत्र की सामाजिक और सांस्कृतिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई

एफआईआर में दर्ज तथ्यों के अनुसार, ज्योति अधिकारी ने कथित रूप से कुमाऊं की महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसमें उन्हें नाचने वाली कहे जाने का आरोप है। इसके अलावा, लोक देवताओं को फर्जी बताने और उनके अस्तित्व पर सवाल खड़े करने जैसी टिप्पणियों का भी मामला सामने आया है।

पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और पोस्ट के आधार पर प्रारंभिक जांच में यह पाया गया कि बयान सार्वजनिक शांति और सामाजिक सौहार्द को प्रभावित कर सकते हैं। इसके साथ ही, खुलेआम दराती लहराने से जुड़ा एक वीडियो भी जांच का हिस्सा बनाया गया, जिसे कानून व्यवस्था के लिहाज से गंभीर माना गया।

गिरफ्तारी के बाद ज्योति अधिकारी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां अभियोजन पक्ष की ओर से मामले की गंभीरता का उल्लेख किया गया। अदालत ने उपलब्ध तथ्यों और केस डायरी के आधार पर आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

फिलहाल, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सोशल मीडिया सामग्री, डिजिटल साक्ष्य और गवाहों के बयान एकत्र किए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि कानून व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *