जनमत

“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत भुजान में बहुउद्देशीय कैम्प आयोजित

LokLens News |

अल्मोड़ा।
केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनमानस तक पहुँचाने के उद्देश्य से “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत न्याय पंचायत बमस्यूं में स्थित राजकीय इंटर कॉलेज भुजान में दिनांक 9 जनवरी 2026 को जिला प्रशासन द्वारा बहुउद्देशीय कैम्प का आयोजन किया गया।

कैम्प में विभिन्न विभागों द्वारा कुल 28 स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई तथा समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। कैम्प की एक विशेष पहल के तहत भारतीय सेना द्वारा भी स्टॉल लगाया गया, जहाँ न्याय पंचायत क्षेत्र के युवाओं को सेना में भर्ती से संबंधित जानकारी दी गई और पेंशन प्रकरणों का निस्तारण किया गया।

इसके अतिरिक्त, कैम्प में शीला नेत्रालय रानीखेत एवं हैडाखान चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा नेत्र परीक्षण हेतु स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से 119 लोगों की आंखों की जांच की गई, जिन्हें निःशुल्क औषधि एवं चश्मे वितरित किए गए, जबकि 7 व्यक्तियों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया।

कैम्प के दौरान 2 महिलाओं को महालक्ष्मी किट तथा 5 जरूरतमंद महिलाओं एवं पुरुषों को कंबल वितरित किए गए। समग्र रूप से कैम्प के माध्यम से 1200 से अधिक ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। साथ ही 178 आवेदन विभिन्न प्रमाण पत्रों के लिए प्राप्त किए गए।

कैम्प में संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत, प्रमुख विकास खंड ताड़ीखेत, तहसीलदार रानीखेत, खंड विकास अधिकारी ताड़ीखेत, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *