अंकिता भंडारी प्रकरण में CBI जांच की संस्तुति, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बड़ा फैसला
LokLens News |
देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वर्गीय अंकिता भंडारी के माता-पिता के अनुरोध और उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए अंकिता भंडारी प्रकरण की CBI जांच कराए जाने की संस्तुति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का उद्देश्य शुरू से अंत तक निष्पक्ष, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से न्याय सुनिश्चित करना रहा है और आगे भी यही प्राथमिकता रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय अंकिता भंडारी के साथ हुई यह घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। प्रकरण की जानकारी मिलते ही राज्य सरकार ने बिना किसी विलंब के कार्रवाई करते हुए महिला आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी अभियुक्तों को शीघ्र गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से प्रभावी और सशक्त पैरवी सुनिश्चित की गई, जिसके परिणामस्वरूप विवेचना और ट्रायल के दौरान किसी भी अभियुक्त को जमानत नहीं मिल सकी। SIT द्वारा गहन जांच के बाद अभियुक्तों के विरुद्ध चार्जशीट दाखिल की गई और निचली अदालत में सुनवाई पूर्ण होने पर अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पूरा घटनाक्रम इस बात का प्रमाण है कि सरकार ने आरंभ से अंत तक दृढ़ता, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ न्याय सुनिश्चित किया। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर प्रसारित कुछ ऑडियो क्लिप्स के संबंध में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं, जिनकी जांच प्रक्रिया जारी है।
मुख्यमंत्री धामी ने दो टूक कहा कि सरकार की मंशा पूरी तरह स्पष्ट है और किसी भी तथ्य या साक्ष्य की अनदेखी नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अंकिता केवल एक पीड़िता नहीं थी, बल्कि वह समाज की बेटी और बहन थी।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि हाल ही में उन्होंने स्वयं स्वर्गीय अंकिता भंडारी के माता-पिता से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने मामले की CBI जांच कराए जाने का अनुरोध किया, जिसे सरकार ने सम्मानपूर्वक स्वीकार करते हुए इस प्रकरण की CBI जांच कराने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री ने पुनः दोहराया कि राज्य सरकार पहले भी न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी पूरी संवेदनशीलता और दृढ़ संकल्प के साथ स्वर्गीय अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
