हरी दत्त पेटशाली इंटर कॉलेज के दो छात्र राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता में करेंगे प्रतिनिधित्व
LokLens News |
हरी दत्त पेटशाली इंटर कॉलेज के दो विद्यार्थियों का चयन राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता के लिए हुआ है। विद्यालय के छात्र कृष्णा कुमार और करन सिंह सिराड़ी आगामी 22 और 23 जनवरी को पश्चिम बंगाल के दीघा में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता में भाग लेंगे। दोनों छात्र अंडर-14 बालक वर्ग के अंतर्गत रिदमिक पेयर इवेंट में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कृष्णा कुमार ग्राम चितई निवासी दीपलाल और प्रेमा देवी के पुत्र हैं, जबकि करन सिंह सिराड़ी ग्राम सिराड़ निवासी नंदन सिंह और पूनम देवी के पुत्र हैं। दोनों छात्रों के पिता कृषि कार्य से जुड़े हैं और माताएं गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद छात्रों की इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।
छात्रों के चयन पर विद्यालय प्रबंधन, ग्राम प्रतिनिधियों, शिक्षकों और खेल जगत से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। विद्यालय प्रबंधक गिरीश चंद्र पेटशाली, उप-प्रबंधक भीम सिंह बगड़वात, प्रबंध समिति के सदस्यों सहित ग्राम सिराड़ और चितई के जनप्रतिनिधियों ने छात्रों को शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही योग, खेल और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े प्रशिक्षकों व विशेषज्ञों ने भी चयन को जिले के लिए गौरवपूर्ण बताया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं दोनों छात्रों के योग कोच डॉ. महेन्द्र सिंह महरा ने बताया कि कृष्णा और करन नियमित अभ्यास और अनुशासन के साथ योग प्रशिक्षण ले रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों छात्र प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र, जिला और राज्य का नाम रोशन करेंगे।
यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए खेल और योग के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मानी जा रही है।
