स्वामी विवेकानन्द जयंती पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएँ
LOKLENS | देहरादून
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वामी विवेकानन्द की जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ दीं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानन्द महान आध्यात्मिक विचारक एवं ओजस्वी वक्ता थे, जिनका जीवन और विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानन्द ने भारतीय दर्शन और हमारी महान संस्कृति के महत्व को विश्व पटल पर पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने अपने विचारों और ओजस्वी वाणी के माध्यम से युवाओं को आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा का मार्ग दिखाया।
मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानन्द के संदेश “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत” को आज के युवाओं के लिए अत्यंत प्रासंगिक बताते हुए कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने आत्मनिर्भर, सशक्त और चरित्रवान भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका पर बल दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी, खेल, शिक्षा, उद्यमिता और सामाजिक सेवा जैसे क्षेत्रों में देश के युवा अपनी प्रतिभा और परिश्रम से भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिला रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं सहित सभी प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग कर देश एवं प्रदेश के विकास में योगदान दें।
