मुख्यमंत्री ने स्वदेशी संकल्प दौड़ का किया शुभारंभ, युवाओं से स्वदेशी अपनाने का आह्वान
LOKLENS | देहरादून
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी पार्क में स्वदेशी संकल्प दौड़ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानन्द के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने वाली संस्थाओं को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानन्द का संदेश “उठो, जागो और लक्ष्य की प्राप्ति तक रुको मत” देश की मजबूत नींव के लिए युवाओं को सदैव प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने युवाओं से स्वदेशी अपनाने और वोकल फॉर लोकल को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर है और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित बनाने में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी। उन्होंने स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया और स्किल इंडिया जैसे अभियानों को मिलकर आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने, अनुशासन अपनाने, शिक्षा एवं कौशल विकास पर ध्यान देने तथा राष्ट्र कर्तव्यों का पालन करने का विशेष आह्वान किया।
इस अवसर पर विधायक खजान दास, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, भाजपा के संगठन मंत्री अजेय कुमार, पार्टी पदाधिकारी एवं भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
