अल्मोड़ा में शिक्षक भर्ती काउंसलिंग में हंगामा, 198 पदों के लिए 6500 अभ्यर्थी पहुंचे
LOKLENS | अल्मोड़ा
अल्मोड़ा में प्राथमिक शिक्षा विभाग की शिक्षक भर्ती काउंसलिंग के दौरान सोमवार को भारी अव्यवस्था देखने को मिली। 198 पदों के सापेक्ष करीब 6500 अभ्यर्थी काउंसलिंग के लिए पहुँचे, जिससे काउंसलिंग स्थल पर भीड़ और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
काउंसलिंग GIC अल्मोड़ा में आयोजित की गई। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि बागेश्वर, नैनीताल सहित अन्य जिलों में काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी करने के बाद कुछ अभ्यर्थी अल्मोड़ा पहुँचे और यहाँ भी उनकी उपस्थिति (अटेंडेंस) दर्ज कर दी गई। इससे स्थानीय अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश फैल गया।
अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रशासन की ओर से पहले स्पष्ट किया गया था कि शाम 5:00 बजे के बाद उपस्थिति दर्ज नहीं की जाएगी, लेकिन इसके बावजूद रात 9:00 बजे तक अटेंडेंस लगाई जाती रही। नियमों में कथित ढील और समयसीमा के उल्लंघन को लेकर अभ्यर्थियों ने सवाल उठाए हैं।
भीड़ अधिक होने और व्यवस्था स्पष्ट न होने के कारण काउंसलिंग स्थल पर देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। कई अभ्यर्थियों ने प्रक्रिया की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े किए और मामले की जांच की मांग की है।
सूत्रों के अनुसार, प्रशासन की ओर से स्थिति को संभालने के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, देर रात तक उपस्थिति दर्ज होने और बाहरी जिलों से आए अभ्यर्थियों के अटेंडेंस को लेकर आधिकारिक स्पष्टीकरण का इंतजार है।
