प्रदेश

लापरवाही पर ज़ीरो टॉलरेंस: धामी सरकार के निर्देशों पर SSP मणिकांत मिश्रा की सख़्त कार्रवाई

LOKLENS | रुद्रपुर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कानून-व्यवस्था में जवाबदेही और पारदर्शिता के स्पष्ट संदेश के अनुरूप जनपद ऊधमसिंहनगर में पुलिस तंत्र के भीतर लापरवाही पर कड़ा एक्शन लिया गया है।

मृतक सुखवन्त सिंह, पुत्र तेजा सिंह, निवासी ग्राम पैगा, कोतवाली आईटीआई से जुड़े प्रकरण में गंभीर लापरवाही एवं उदासीनता सामने आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर मणिकांत मिश्रा ने त्वरित और कठोर कार्रवाई करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कदम उठाए हैं।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, ढिलाई या गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न हो। इसी क्रम में कोतवाली आईटीआई में तैनात दो उपनिरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि चौकी पैगा पर तैनात संपूर्ण पुलिस स्टाफ को लाइन हाजिर किया गया है।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि उपनिरीक्षक कुन्दन सिंह रौतेला (थानाध्यक्ष, कोतवाली आईटीआई) एवं उपनिरीक्षक प्रकाश बिष्ट (कोतवाली आईटीआई) को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई प्रस्तावित/प्रचलित की गई है।

इसके साथ ही चौकी पैगा, कोतवाली आईटीआई में तैनात उपनिरीक्षक/चौकी प्रभारी जितेन्द्र कुमार, अपर उपनिरीक्षक सोमवीर सिंह, आरक्षी भूपेन्द्र सिंह, दिनेश तिवारी, मुख्य आरक्षी शेखर बनकोटी, आरक्षी सुरेश चन्द्र, योगेश चौधरी, राजेन्द्र गिरी, दीपक प्रसाद एवं संजय कुमार को भी तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया गया है।

एसएसपी ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस में जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी मामले में लापरवाही, संवेदनहीनता या नियमों की अनदेखी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मामले की विस्तृत जांच निष्पक्ष रूप से की जा रही है और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख़्शा नहीं जाएगा।

यह कार्रवाई धामी सरकार की उस स्पष्ट नीति को दर्शाती है, जिसमें कानून का राज, जवाबदेही और पीड़ितों को न्याय सर्वोपरि है। सरकार का संदेश साफ है—जनता की सुरक्षा से समझौता करने वालों के लिए सिस्टम में कोई स्थान नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *