नन्दा देवी मंदिर में चल रहे कार्यों का जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने किया निरीक्षण
LokLens News| अल्मोड़ा
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज नगर स्थित नन्दा देवी मंदिर परिसर में चल रहे विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में स्थापित बिजली के खंभों को आवश्यकता के अनुसार स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मंदिर की बाउंड्री, प्रांगण में चल रहे निर्माण कार्यों एवं अन्य निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता और प्रगति की स्थिति का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने स्थानीय निवासियों की आपत्तियों एवं सुझावों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नन्दा देवी मंदिर एक प्राचीन एवं महत्वपूर्ण सांस्कृतिक धरोहर है, जिसके संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि मंदिर के प्राचीन स्वरूप को संरक्षित रखते हुए ही सभी विकास एवं निर्माण कार्य किए जाएँ तथा निर्माण गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो। साथ ही मंदिर समिति एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से कार्य करने पर जोर दिया, ताकि विकास और धरोहर संरक्षण का संतुलन बना रहे।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी संजय कुमार, क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी चंद्र सिंह चौहान, मंदिर समिति से मनोज वर्मा एवं मनोज सनवाल, पार्षद अमित साह, पार्षद अर्जुन बिष्ट सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
