प्रदेश

गुलदार की दहशत: नैनीताल के तीन विकासखंडों में विद्यालय व आंगनबाड़ी तीन दिन तक बंद

LOKLENS | नैनीताल

जनपद नैनीताल के धारी, ओखलकांडा और रामगढ़ विकासखंडों में मानव–वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं के चलते सभी सरकारी, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालय (कक्षा 1 से 12) तथा आंगनबाड़ी केंद्र आगामी तीन दिनों के लिए बंद कर दिए गए हैं।

जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, दिनांक 15 जनवरी 2026 से 17 जनवरी 2026 तक इन क्षेत्रों में शैक्षणिक गतिविधियां पूर्णतः स्थगित रहेंगी। आदेश में कहा गया है कि इन इलाकों में आदमखोर वन्यजीवों की सक्रियता और भौगोलिक परिस्थितियों के कारण बच्चों के विद्यालय व आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचने में खतरा उत्पन्न हो रहा है।

यह निर्णय आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के अंतर्गत लिया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस अवधि में किसी भी परिस्थिति में विद्यालय या आंगनबाड़ी केंद्र संचालित नहीं किए जाएंगे। स्थिति की लगातार समीक्षा वन विभाग, पुलिस विभाग और आपदा प्रबंधन द्वारा की जाएगी।

मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि आदेश की सूचना समय से संबंधित सभी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और अभिभावकों तक पहुंचाई जाए। आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

(जिला मजिस्ट्रेट / अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नैनीताल)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *