रानीखेत में कांग्रेस ने आपत्तिजनक पोस्ट मामले में FIR की मांग की
LOKLENS NEWS | रानीखेत
रानीखेत कांग्रेस कमेटी ने कोतवाली रानीखेत में ज्ञापन सौंपकर भाजपा नैनीताल के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल और रानीखेत विधायक प्रमोद नैनवाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा नैनीताल के सोशल मीडिया अकाउंट से करन माहरा के विरुद्ध आपत्तिजनक और मानहानिकारक पोस्ट की गई, जिसे बाद में रानीखेत विधायक प्रमोद नैनवाल द्वारा अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा किया गया।
कांग्रेस कमेटी के अनुसार, इस पोस्ट और उसके साझा किए जाने से करन माहरा की राजनीतिक और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है और इससे समाज में भ्रम और वैमनस्य फैलने की आशंका है। ज्ञापन में कहा गया है कि यह कृत्य कानून के तहत दंडनीय है और इस पर पुलिस द्वारा कार्रवाई की जानी आवश्यक है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पोस्ट और उसे साझा किए जाने के स्क्रीनशॉट पुलिस को साक्ष्य के रूप में सौंपे। ज्ञापन सौंपने वालों में गीता पवार, नेहा माहरा, अंकिता पंत, कुलदीप कुमार, गोपाल सिंह देव, प्रेम अधिकारी, मोहन सिंह बिष्ट, प्रमोद पाल, प्रदीप रावत, कुसुम बिष्ट, इंदिरा रावत, संगीता डोगरा और कल्पना सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।
कोतवाली रानीखेत पुलिस ने ज्ञापन प्राप्त कर लिया है। मामले से संबंधित आगे की कार्रवाई विधिक प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी।
