अल्मोड़ा में समान नागरिक संहिता दिवस आयोजन को लेकर प्रशासनिक बैठक, विभागीय समन्वय पर चर्चा
LOKLENS NEWS | अल्मोड़ा
समान नागरिक संहिता दिवस के आयोजन को लेकर 27 जनवरी को अल्मोड़ा स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने की। बैठक में समान नागरिक संहिता दिवस को प्रभावी और व्यवस्थित रूप से आयोजित करने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर चर्चा की गई।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम को जनसहभागिता के साथ सफल बनाने के उद्देश्य से शिक्षा, सूचना, संस्कृति, युवा कल्याण सहित सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल से कार्य करेंगे। आयोजन के दौरान जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें निबंध, वाद-विवाद, भाषण और पोस्टर प्रतियोगिताएं शामिल होंगी।
अपर जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण की जाएं और आयोजन की रूपरेखा स्पष्ट व सुव्यवस्थित रखी जाए, जिससे अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
बैठक में एसएसजे परिसर विधि संकाय से प्रोफेसर ए.के. नवीन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
