प्रदेश

ग्रामीण उत्तराखंड में बड़ा बदलाव: पौड़ी में 4594 परिवारों को मिला पक्का घर

LokLens News | पौड़ी गढ़वाल |

जनपद पौड़ी गढ़वाल के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पक्के आवासों का विस्तार लगातार जारी है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2016 से 2024 के बीच जिले में 4594 पात्र परिवारों को सुरक्षित और स्थायी आवास उपलब्ध कराए जा चुके हैं। योजना के अंतर्गत ग्रामीण अंचलों में आवास निर्माण के साथ बुनियादी सुविधाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं।

आवास प्लस सर्वे–2024 के तहत जनपद के सभी विकासखंडों में 12379 परिवारों का सर्वे पूरा किया गया है। यह सर्वे तीन चरणों में किया जाता है, जिसकी वैधता पांच वर्षों तक रहती है। वर्तमान में जिला स्तरीय समिति द्वारा पात्र लाभार्थियों की पहचान कर आगे की प्रक्रिया संचालित की जा रही है।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को 1 लाख 30 हजार रुपये की सहायता राशि तीन किश्तों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से दी जाती है। इसके अतिरिक्त 95 दिन की मजदूरी तथा उत्तराखंड सरकार द्वारा किचन सामग्री और बर्तनों के लिए 6 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता भी प्रदान की जा रही है। योजना के तहत निर्मित आवासों में एक कमरा, किचन और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं शामिल हैं।

मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत के अनुसार, योजना का क्रियान्वयन समयबद्ध और निर्धारित मानकों के अनुसार किया जा रहा है, जिससे जनपद अपने वार्षिक लक्ष्यों को लगातार प्राप्त कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार, योजना से जुड़े लाभार्थियों में सरकारी योजनाओं के प्रति विश्वास बढ़ा है।

वर्षवार उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार—
2016-17 में 215, 2017-18 में 184, 2020-21 में 860, 2021-22 में 147, 2022-23 में 2049 के सापेक्ष 2043 तथा 2023-24 में 1146 के सापेक्ष 1145 परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए। प्रशासन के अनुसार, योजना के आगामी चरणों में शेष पात्र परिवारों को भी इससे जोड़ा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *