प्रदेश

“आज शिकायत, कल एक्शन” — नरसिंह डांडा रात्रि चौपाल में जिलाधिकारी के सख्त निर्देश

LokLens News | चम्पावत

जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनीष कुमार द्वारा विकासखंड चम्पावत के ग्राम नरसिंह डांडा में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। रात्रि चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों के साथ सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और आवश्यकताओं को सुना।

ग्रामीणों द्वारा भूमि से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही गांव में इंटर कॉलेज, अम्बेडकर भवन, बारात घर, दो ज्ञान सेतु, पंचायत घर की मरम्मत, पेयजल समस्या के समाधान और तारबाड़ की मांग रखी गई। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को सभी मामलों में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

गांव में ओपन जिम और खेल मैदान की मांग पर खंड विकास अधिकारी चम्पावत को तत्काल कार्रवाई प्रारंभ करने तथा संबंधित अधिकारियों को अगले दिन ही स्थल निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। वहीं, लाइब्रेरी निर्माण की मांग पर जिलाधिकारी ने प्रक्रिया तुरंत शुरू कर निर्माण कार्य शीघ्र सुनिश्चित करने को कहा।

आपदा से प्रभावित ग्रामीणों विनोद कुमार और ललित कुमार सहित अन्य मामलों में हुए नुकसान का आकलन कर आवश्यक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए। नवीन कुमार की पत्नी के आवास को भू-कटाव से हुए नुकसान की शिकायत पर उपजिलाधिकारी को बुधवार तक रिपोर्ट तैयार करने और परिवार को सुरक्षित स्थान पर विस्थापित करने अथवा आवास सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पुष्पा देवी को प्राथमिकता के आधार पर गौशाला उपलब्ध कराने, 63 वर्षीय लक्ष्मी दत्त की वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित शिकायत पर समाज कल्याण अधिकारी को औपचारिकताएं पूर्ण कर पेंशन चालू करने तथा दिव्यांग प्रमाण पत्र न बनने की शिकायतों पर गांव में शिविर आयोजित करने या जिला मुख्यालय तक वाहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

रात्रि चौपाल के दौरान जरूरतमंद ग्रामीणों को कंबल वितरित किए गए। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान चंचला देवी, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या, खंड विकास अधिकारी अशोक अधिकारी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *