बालाकोट में महिला–किशोरी संवाद और ओपन माइक, ग्रामीण मुद्दों व आजीविका पर खुली बातचीत
LokLens News | पिथौरागढ़
हिट पहाड़ जन-जागरूकता समिति की ओर से 18 जनवरी 2026 को ग्राम पंचायत बालाकोट में ग्रामीण महिलाओं और किशोरियों (16 से 60 वर्ष आयु वर्ग) के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए महिला–किशोरी संवाद कार्यक्रम और ग्रामीण महिला ओपन माइक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सर्वे के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति, कौशल, आजीविका से जुड़ी आवश्यकताओं और समस्याओं का आकलन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित ओपन माइक सत्र विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान महिलाओं ने अपने जीवन अनुभव, संघर्ष, समस्याएं, सुझाव और भविष्य से जुड़े विचार खुले मंच पर साझा किए। संवाद के माध्यम से महिलाओं को समुदाय के रूप में एक-दूसरे से जुड़ने, आत्मविश्वास बढ़ाने और स्वरोजगार व आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
ओपन माइक सत्र में कलावती देवी और पार्वती देवी ने कुमाऊनी फाग गीत प्रस्तुत कर स्थानीय सांस्कृतिक परंपराओं को मंच दिया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रतिनिधि संतोष गोस्वामी, क्षेत्र पंचायत सदस्य रोहित कोहली, ग्राम प्रधान पूजा सहित कुल 53 ग्रामीण महिलाएं और किशोरियां उपस्थित रहीं। हिट पहाड़ जन-जागरूकता समिति की ओर से अंकित, अभिषेक, साक्षी, नीलम, विशाल, उदय, दिव्यांशी और मुकेश ने आयोजन में सहभागिता निभाई।
