प्रदेश

बेलखेत से घाट तक NH-09 का होगा कायाकल्प, केंद्र से 70 करोड़ की स्वीकृति

LokLens News | चम्पावत

जनपद चम्पावत में सड़क परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्ग-09 के अंतर्गत बेलखेत से घाट तक के खंड के इम्प्रूवमेंट एवं मेंटेनेंस कार्यों के लिए 70 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। यह स्वीकृति PBMC योजना के तहत दी गई है।

अधिशासी अभियंता (राष्ट्रीय राजमार्ग) दीपक जोशी के अनुसार, परियोजना के अंतर्गत सड़क की गुणवत्ता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डामरीकरण एवं सतह सुधार, दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए क्रैश बैरियर, पैरापेट एवं सुरक्षा दीवारों का निर्माण, रात्रिकालीन दृश्यता बढ़ाने हेतु कैट-आइज़ और डिलीनीटर की स्थापना, नालियों की सफाई व जल निकासी व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण, साथ ही छोटे पुलों एवं कलवर्ट की मरम्मत और सफाई जैसे कार्य किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए निविदा आमंत्रण और अनुबंध प्रक्रिया प्रगति पर है। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।

इस परियोजना के पूरा होने के बाद बेलखेत–घाट मार्ग पर यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम होगा। सड़क की स्थिति में सुधार के साथ-साथ दुर्घटनाओं में कमी, पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा और स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने की संभावना है। यह पहल जनपद की कनेक्टिविटी और समग्र विकास को मजबूती प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *