जिलाधिकारी ने दिव्यांग महिला के घर जाकर आधार और दिव्यांग प्रमाण बनाने के दिए निर्देश — जनता मिलन में 127 शिकायतें दर्ज
LokLens News | चम्पावत
जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान 127 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश जारी किए।
कार्यक्रम में विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिन पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही निर्देश देते हुए त्वरित समाधान की प्रक्रिया शुरू कराई।
ग्राम डुंगरासेठी निवासी शिकायतकर्ता बसंत चौधरी की बहन के आधार कार्ड और दिव्यांग प्रमाण पत्र संबंधी मुद्दे पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को घर जाकर दस्तावेज तैयार करने के निर्देश दिए।
ग्राम ढकना बडोला निवासी हेमा देवी की पशु बीमा क्लेम संबंधी शिकायत पर मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ग्राम चौड़ा ख्याली की पुष्पा जोशी की शिकायत पर पूर्ति विभाग और स्वास्थ्य विभाग को राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश जारी हुए।
ग्राम कोयाटी के रोशन राम की रोजगार संबंधित मांग पर जल संस्थान को पंप संचालक/ऑपरेटर की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश मिले।
लोहाघाट क्षेत्र की दीक्षा राय की आर्थिक सहायता की मांग पर उपजिलाधिकारी व जिला उद्योग केंद्र को उन्हें प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़कर रीप परियोजना का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
मादली निवासी शंकर सिंह खाती की अत्यधिक विद्युत बिल शिकायत पर यूपीसीएल को सघन जांच करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम रमैला की भवानी देवी की मांग पर समाज कल्याण विभाग को पेंशन स्वीकृत, तथा श्रम विभाग को श्रम कार्ड बनाने के निर्देश प्राप्त हुए।
ग्राम किमतोली की कलावती देवी की मकान निर्माण हेतु सहायता मांग पर उपजिलाधिकारी लोहाघाट को स्थल सर्वे करने को कहा गया।
ग्राम फुंगर की जानकी जोशी की भूमि पर बने डंपिंग जोन संबंधी शिकायत पर जिलाधिकारी ने
उपजिलाधिकारी को जांच कर डंपिंग जोन हटाने और क्षति होने पर मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए।
कविता देवी, बबीता देवी, कविता पांडेय, आनंदी देवी, पुष्पा देवी, बलदेव सिंह, दीवान सिंह भंडारी, अनिल कुमार, ललित भट्ट सहित अन्य लोगों की शिकायतें भी दर्ज की गईं।
जनता मिलन कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी सदर अनुराग आर्या, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
