प्रदेश

कोट विकासखंड की पोखरी न्याय पंचायत में बहुदेशीय शिविर, 82 शिकायतें दर्ज, 49 का मौके पर निस्तारण

LokLens News | पौड़ी गढ़वाल

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत विकासखंड कोट की न्याय पंचायत पोखरी में बहुदेशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर राजकीय इंटर कॉलेज मसाणगांव में आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और आवेदन प्रस्तुत किए।

शिविर के दौरान कुल 82 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 49 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया। शेष प्रकरणों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। इसके अलावा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से 220 लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यमंत्री एवं उपाध्यक्ष, राज्य स्तरीय जलागम परिषद रमेश सिंह गड़िया उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि बहुदेशीय शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का समाधान न्याय पंचायत स्तर पर ही किया जा रहा है, जिससे लोगों को जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि खेती-किसानी से जुड़े लोगों के लिए सरकार की अनेक योजनाएं उपलब्ध हैं और पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ समयबद्ध रूप से दिया जाएगा।

शिविर की अध्यक्षता कर रहे मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत जिले के सभी विकासखंडों में सर्वे पूर्ण कर लिया गया है, जिसमें 12 हजार से अधिक लाभार्थियों की पहचान की गई है। केंद्र सरकार से स्वीकृति मिलते ही अग्रिम कार्यवाही शुरू की जाएगी। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से संबंधित शिकायतों पर उन्होंने सभी सड़कों का सर्वे कर डामरीकरण एवं सुधारीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्युत तारों के झूलने की शिकायतों पर विद्युत विभाग को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

घेरबाड़ योजना के तहत खेती योग्य भूमि को चिन्हित कर लाभ देने, ग्राम पंचायत भवन की रजिस्ट्री से जुड़े लंबित मामलों के निस्तारण, सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने और जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल आपूर्ति सुचारू करने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए।

शिविर के दौरान ग्राम कोट की ज्योति देवी के शिशु का अन्नप्राशन, कोटसाड़ा की मनीषा देवी की गोदभराई कर पोषण आहार वितरित किया गया। फलस्वाड़ी की मीनाक्षी भट्ट को महालक्ष्मी किट प्रदान की गई।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य कठूड़ आराधना देवी, कनिष्ठ प्रमुख अनिल गुसाईं, ग्राम प्रधान कोटसाड़ा सुधीर बिष्ट, नोडल अधिकारी डॉ. अल्का पांडे, जल संस्थान, वन विभाग, समाज कल्याण, लोक निर्माण विभाग, जल निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *