प्रदेश

पाटी नगर पंचायत में आधारभूत सुविधाओं को लेकर समीक्षा बैठक

LokLens News |चम्पावत |

नवसृजित पाटी नगर पंचायत की प्रशासनिक व्यवस्था और आधारभूत संरचना को विकसित करने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पंचायत के लिए आवश्यक कार्यालयीय ढांचे, स्टाफ, भवन, स्वच्छता प्रणाली और नागरिक सेवाओं से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नगर पंचायत के नियमित संचालन के लिए आवश्यक भवन, फर्नीचर तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था शीघ्र पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत बनने का उद्देश्य लोगों को स्थानीय स्तर पर त्वरित प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए सभी विभाग निर्धारित समय सीमा में कार्य सुनिश्चित करें।

ग्रामीण निर्माण विभाग को अधिशासी अधिकारी कार्यालय, चेयरमैन कार्यालय सहित प्रस्तावित भवनों को दिव्यांगजन अनुकूल (Divyang-friendly) बनाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही नगर पंचायत क्षेत्र में मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने और संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने को कहा गया।

स्वच्छता प्रबंधन के अंतर्गत पाटी नगर पंचायत में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रणाली, एबीसी सेंटर (पशु जन्म नियंत्रण केंद्र) तथा रजत जयंती पार्क के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वच्छता व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं को प्रभावी तरीके से लागू करना प्राथमिकता में रखा जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी नीतू डागर, वरिष्ठ कोषाधिकारी सीमा बंगवाल, अधिशासी अधिकारी कमल मेहता सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *