शिकायत के बाद राहत: चम्पावत में 50 वर्षीय महिला को प्रशासन की पहल से मिला कृत्रिम पैर
LokLens News | चम्पावत
न्याय पंचायत वल्सों स्थित पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, चौमेल में 7 जनवरी को आयोजित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के दौरान दर्ज की गई शिकायत पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम सुतेड़ा निवासी 50 वर्षीय मोती देवी को कृत्रिम पैर उपलब्ध कराया है।
वर्ष 2020 से पैर में गंभीर समस्या के कारण एक पैर गंवाने के बाद मोती देवी के लिए चलना-फिरना और दैनिक गतिविधियां कठिन हो गई थीं। कार्यक्रम में उन्होंने अपनी समस्या जिलाधिकारी मनीष कुमार के समक्ष रखी थी। मामले को मानवीय संवेदनशीलता के साथ संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी ने समाज कल्याण विभाग के माध्यम से उधम सिंह नगर से समन्वय स्थापित कर कृत्रिम पैर की व्यवस्था कराई।
20 जनवरी को रुद्रपुर से आई विशेषज्ञ तकनीकी टीम ने महिला के निवास पर पहुँचकर कृत्रिम पैर सफलतापूर्वक लगाया। भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए एक अतिरिक्त कृत्रिम पैर तथा आवश्यक सहायक उपकरण भी उपलब्ध कराए गए, ताकि दीर्घकालिक उपयोग में सुविधा बनी रहे।
इसके साथ ही उपजिलाधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि महिला को आवश्यक आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाए, जिससे पुनर्वास, उपचार और जीवनयापन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशील समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
