प्रदेश

अल्मोड़ा में खेल ढांचे को नई दिशा: डीनापानी मैदान के विकास व विस्तारीकरण पर प्रशासन का फोकस

LokLens News | अल्मोड़ा

डीनापानी खेल मैदान के समग्र विकास, विस्तारीकरण और भविष्य की आवश्यकताओं को लेकर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मैदान को मानक अनुरूप और आधुनिक क्रिकेट ग्राउंड के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि क्रिकेट फील्ड के विकास के साथ खिलाड़ियों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि स्थानीय युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें। उन्होंने मैदान के आसपास उपलब्ध भूमि का तथ्यात्मक आकलन कर स्पष्ट चिन्हांकन करने के निर्देश दिए, जिससे भविष्य में पार्किंग, पवेलियन, दर्शक दीर्घा, खिलाड़ियों के विश्राम कक्ष, शौचालय और अन्य सुविधाओं के लिए पर्याप्त स्थान सुनिश्चित किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान उपलब्ध राजस्व भूमि की स्थिति पर भी विचार किया गया। प्रशासन ने यह भी कहा कि खेल अधोसंरचना के विकास के लिए खेल मंत्रालय के साथ-साथ बीसीसीआई और आईसीसी से सहयोग की संभावनाओं पर काम किया जाएगा, ताकि डीनापानी खेल मैदान को सुव्यवस्थित और आकर्षक खेल परिसर के रूप में विकसित किया जा सके।

निरीक्षण में जिला क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्या, तहसीलदार ज्योति धपवाल, उप क्रीड़ाधिकारी अरुण बंग्याल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *