प्रदेश

गीता प्रेस की ‘कल्याण’ पत्रिका का शताब्दी अंक जारी — गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री धामी रहे उपस्थित

LokLens News | पौड़ी |

गीता प्रेस, गोरखपुर द्वारा प्रकाशित मासिक ‘कल्याण’ पत्रिका के शताब्दी अंक का आज भव्य विमोचन किया गया। समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उपस्थित रहे। इस अवसर पर ‘कल्याण’ के गुजराती संस्करण आरोग्य अंक का भी लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया। गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि कल्याण भारतीय समाज की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना का एक प्रमुख आधार रहा है और पिछले 100 वर्षों में इसने सनातन साहित्य को जन-जन तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने हनुमान प्रसाद पोद्दार ‘भाईजी’ के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि गीता प्रेस के विशेषांकों ने भारतीय दर्शन, योग, श्रीकृष्ण, संस्कृति और राष्ट्रबोध जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण कार्य किया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कल्याण का शताब्दी अंक भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना की उस विरासत का सम्मान है जिसने एक शताब्दी तक समाज को मूल्यों और परंपराओं से जोड़े रखा। उन्होंने बताया कि गीता प्रेस अब तक 101 करोड़ से अधिक धार्मिक ग्रंथ प्रकाशित कर चुका है, जो इसकी व्यापक स्वीकार्यता को दर्शाता है।

कल्याण पत्रिका के संपादक कृष्ण कुमार खेमका के अनुसार अब तक पत्रिका की लगभग 17 करोड़ 50 लाख प्रतियाँ प्रकाशित की जा चुकी हैं। कार्यक्रम में गढ़वाल व हरिद्वार के सांसद, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, संत समुदाय, साहित्य और संस्कृति जगत के प्रतिनिधि तथा विभिन्न जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *