प्रदेश

पिथौरागढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

Loklens News | पिथौरागढ़

पिथौरागढ़ जिले में एक बार फिर सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। कोतवाली पिथौरागढ़ क्षेत्र अंतर्गत वरदानी पार्क के समीप एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

सूचना मिलते ही शुरू हुआ रेस्क्यू अभियान

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ श्रीमती रेखा यादव के निर्देश पर पुलिस बल और एसडीआरएफ रेस्क्यू टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
क्षेत्राधिकारी के.एस. रावत एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पिथौरागढ़ ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में चौकी प्रभारी चंडाक उपनिरीक्षक ललित डंगवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

स्थानीय लोगों के सहयोग से चला राहत कार्य

पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाया। वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। राहत कार्य के दौरान एक युवक की मौके पर ही मौत की पुष्टि हुई।

मृतक और घायल की पहचान

हादसे में मोहित जोशी, निवासी भवानीगंज, पुराना बाजार, पिथौरागढ़, की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं 22 वर्षीय विनय वल्दिया, निवासी पौण, पिथौरागढ़, गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल पिथौरागढ़ में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

वैधानिक कार्रवाई जारी

पुलिस द्वारा मृतक का पंचायतनामा भरते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

पुलिस प्रशासन ने जताई संवेदना

पुलिस प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई है। साथ ही घायल युवक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *