प्रदेश

खटीमा में उत्तरायणी कौतिक मेले का भव्य शुभारंभ, मुख्यमंत्री ने की पर्वतीय विकास भवन व आर्थिक सहायता की घोषणा

LOKLENS NEWS | खटीमा

माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुमाऊँ सांस्कृतिक उत्थान मंच, खटीमा द्वारा बीज निगम परिसर में आयोजित उत्तरायणी कौतिक मेले का दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पर्वतीय विकास भवन का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए उन्होंने जिलाधिकारी को भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए। साथ ही उत्तरायणी मेले को राज्य कैलेंडर में शामिल कर आर्थिक सहायता देने तथा समिति के अनुरोध पर स्थायी मंच निर्माण की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि मकर संक्रांति का पर्व आध्यात्मिक ही नहीं, बल्कि वैज्ञानिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। सूर्य के उत्तरायण होने के इस पावन अवसर को हमारी संस्कृति में विशेष स्थान प्राप्त है। उन्होंने कहा कि उत्तरायणी केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, आस्था और जीवन दर्शन का उत्सव है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़ रही है, जो हमारी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब बच्चे पारंपरिक वाद्ययंत्रों पर नृत्य करते हैं, युवा लोकगीत गाते हैं और माताएं-बहनें पारंपरिक परिधान में इस उत्सव का हिस्सा बनती हैं, तो यह विश्वास और मजबूत होता है कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर सुरक्षित हाथों में है। आधुनिकता के इस दौर में अपनी पहचान को बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है और उत्तरायणी कौतिक जैसे आयोजन इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास के नए शिखर छू रहा है और साथ ही सनातन संस्कृति का गौरव वैश्विक स्तर पर पुनः स्थापित हो रहा है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र से प्रेरित होकर उत्तराखंड सरकार देवभूमि को विकास का आदर्श मॉडल बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने खटीमा को अपना घर बताते हुए कहा कि यहीं से उन्होंने जनसेवा की यात्रा शुरू की। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में हाईटेक बस स्टैंड, आधुनिक आईटीआई, पॉलीटेक्निक कॉलेज, 100 बेड का नया अस्पताल, राष्ट्रीय स्तर का खेल स्टेडियम, गदरपुर व खटीमा बाईपास, नौसर पुल, तथा सड़क नेटवर्क का व्यापक विकास किया गया है। इसके साथ ही खटीमा–टनकपुर के बीच सैन्य स्मारक के निर्माण की भी घोषणा की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस, लैंड जिहाद व अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा ऑपरेशन कालनेमि जैसे निर्णयों से देवभूमि की संस्कृति और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य की अर्थव्यवस्था गठन काल की तुलना में 26 गुना बढ़ चुकी है और बजट 1 लाख करोड़ के पार पहुंच गया है।

मुख्यमंत्री ने मातृशक्ति को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति की असली वाहक महिलाएं हैं और महिला सशक्तिकरण सरकार का संकल्प है। उन्होंने दो टूक कहा कि देवभूमि में विकास भी होगा, संस्कृति भी बचेगी और राष्ट्रविरोधी मानसिकता के लिए कोई स्थान नहीं होगा।

कार्यक्रम में मेयर दीपक बाली, नगर पालिका अध्यक्ष रामेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं भारी संख्या में मेलार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *