उत्तराखंड में जल प्रबंधन को लेकर सीएम धामी–केंद्रीय मंत्री की महत्वपूर्ण बैठक
LokLens News | देहरादून
मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी के बीच शिष्टाचार भेंट के दौरान उत्तराखंड के जल संसाधन प्रबंधन और पेयजल योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में पर्वतीय राज्य की जल-संवेदनशील भौगोलिक संरचना को ध्यान में रखते हुए जल संरक्षण, सिंचाई, स्वच्छ पेयजल उपलब्धता और दीर्घकालिक जल सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देश की प्रमुख नदियों का उद्गम स्थल होने के साथ-साथ जल संरक्षण की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार केंद्र के सहयोग से जल जीवन मिशन, वर्षा जल संचयन, जल स्रोत पुनर्जीवन और पारंपरिक जल संरचनाओं के संरक्षण पर विशेष फोकस कर रही है, ताकि पर्वतीय क्षेत्रों में जल उपलब्धता बनी रहे और भविष्य की पीढ़ियों को सुरक्षित जल संसाधन मिल सकें।
केंद्रीय राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी ने उत्तराखंड में जल शक्ति मंत्रालय की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार हिमालयी राज्यों की विशिष्ट आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए निरंतर सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने राज्य में जल जीवन मिशन, नमामि गंगे, जल संरक्षण और स्वच्छता परियोजनाओं की प्रगति की प्रशंसा की।
बैठक में राज्य और केंद्र के बीच समन्वय को और मजबूत करने, जल परियोजनाओं में तेजी लाने तथा सतत जल संसाधन उपयोग को बढ़ावा देने को लेकर भी सहमति बनी। मुख्यमंत्री धामी ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड जल प्रबंधन के क्षेत्र में एक मॉडल राज्य के रूप में स्थापित होगा।
