कुलगाम मुठभेड़ में लश्कर कमांडर लतीफ भट ढेर, सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के जंगलपोरा में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का शीर्ष कमांडर लतीफ भट मारा गया। खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में अभियान चलाया था।

कुलगाम। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। जंगलपोरा इलाके में हुई मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा का शीर्ष कमांडर लतीफ भट मारा गया। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने की।
जानकारी के मुताबिक, मानव खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों को संकेत मिला था कि लश्कर कमांडर लतीफ भट जंगलपोरा इलाके में मौजूद है। इसके बाद संयुक्त टीम ने इलाके में पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि यह स्थान उस इलाके से करीब एक किलोमीटर दूर है, जहां हाल ही में आतंकी घटना हुई थी।
16 नवंबर को भी हुई थी मुठभेड़
इससे पहले 16 नवंबर को भी कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। उस दौरान एक आतंकी मारा गया था, जबकि एक अन्य आतंकी के इलाके में घिरे होने की सूचना सामने आई थी। इसके बाद से सुरक्षाबलों ने क्षेत्र में तलाश अभियान तेज कर दिया था।
CRPF टीम पर हुआ था हमला
हाल ही में कुलगाम में CRPF की टीम पर भी हमला हुआ था, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे। इस घटना के बाद इलाके में आतंकियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया गया था।
वहीं, उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के दुर्हामा इलाके में एक बाग में पानी की पाइपलाइन बदलने के दौरान तीन जिंदा हैंड ग्रेनेड मिले थे। सूचना मिलने पर बम निरोधक दस्ते ने नियंत्रित विस्फोट के जरिए उन्हें नष्ट कर दिया था।






