लोक Lens न्यूज़आपकी आवाज़, आपकी खबरशुक्रवार, 27 नवंबर 2026
दुनिया

डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की साजिश रचने वाले पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट को 27 साल 6 महीने जेल की सजा

अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अन्य नेताओं को निशाना बनाने की साजिश के मामले में पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट को 27 साल 6 महीने जेल की सजा सुनाई गई है। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, इस साजिश के पीछे ईरान की IRGC का हाथ था और पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन व निक्की हेली भी संभावित निशाने पर थे

डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की साजिश रचने वाले पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट को 27 साल 6 महीने जेल की सजा

अमेरिका। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत अन्य प्रमुख नेताओं को निशाना बनाने की साजिश रचने के मामले में पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट को 27 साल 6 महीने जेल की सजा सुनाई गई है। अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) के मुताबिक, 48 वर्षीय मर्चेंट ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के इशारे पर अमेरिकी जमीन पर राजनीतिक नेताओं को निशाना बनाने की योजना बना रहा था।

न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन में अमेरिकी जिला न्यायाधीश एरिक आर. कोमिटी ने 17 नवंबर को मर्चेंट को 330 महीने यानी 27 साल और छह महीने की सजा सुनाई। मार्च 2026 में अदालत ने उसे अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से परे आतंकवादी गतिविधि को अंजाम देने की कोशिश और सुपारी देकर किसी की जान लेने की साजिश से जुड़े मामलों में दोषी ठहराया था।

अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, इस साजिश में तत्कालीन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मुख्य निशाने पर थे। इसके अलावा पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन और संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की पूर्व राजदूत निक्की हेली भी संभावित निशानों में शामिल थे। जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस योजना के पीछे जनवरी 2020 में अमेरिकी ड्रोन हमले में मारे गए ईरान के पूर्व सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेने की मंशा थी।

ईरान में हुई भर्ती, हैंडलर से 15 बार मुलाकात

अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, मर्चेंट ने सुनवाई के दौरान स्वीकार किया था कि वह स्वेच्छा से IRGC में शामिल हुआ था और उसे खुफिया गतिविधियों से जुड़ा प्रशिक्षण दिया गया था। करीब 2022 में उसे ईरान की ओर से भर्ती किया गया। इसके बाद धार्मिक यात्राओं के दौरान ईरान में उसकी मुलाकात कथित ईरानी हैंडलर यूसुफ मेरहारदाद से कराई गई।

जांच के अनुसार, 2023 से अगले 18 महीनों के दौरान मर्चेंट ने तेहरान में अपने हैंडलर से करीब 15 बार मुलाकात की। इस दौरान उसे काउंटर इंटेलिजेंस और खुफिया गतिविधियों से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद उसे अपनी योजना को आगे बढ़ाने के लिए अमेरिका जाने का निर्देश मिला। हैंडलर ने उसे राजनीतिक रैली के दौरान वारदात को अंजाम देने के लिए अपराधियों या संगठित अपराध गिरोहों से जुड़े लोगों की भर्ती करने को कहा था।

अमेरिका पहुंचकर की लोगों की भर्ती की कोशिश

अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, मर्चेंट अप्रैल 2024 में ईरान में करीब एक सप्ताह बिताने के बाद अमेरिका पहुंचा। वहां उसने अपनी योजना को आगे बढ़ाने के लिए एक परिचित से संपर्क किया। हालांकि, उस व्यक्ति ने इसकी जानकारी FBI को दे दी और जांच एजेंसी का मुखबिर बन गया।

इसके बाद एक गुप्त रूप से रिकॉर्ड की गई मुलाकात में मर्चेंट ने मुखबिर को अपनी योजना के कुछ हिस्सों के बारे में बताया। इसमें एक राजनीतिक रैली के दौरान किसी नेता को निशाना बनाने की रूपरेखा भी शामिल थी।

अमेरिकी जांच एजेंसियों ने मामले की जांच के बाद मर्चेंट के खिलाफ कार्रवाई की। अदालत में दोषी ठहराए जाने के बाद अब उसे 27 साल 6 महीने जेल की सजा सुनाई गई है।

डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की साजिश रचने वाले पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट को 27 साल 6 महीने जेल की सजा | लोक Lens न्यूज़