कांग्रेस का ‘मनरेगा बचाओ अभियान’ घोषित, 12 जनवरी से चरणबद्ध आंदोलन
LokLens News |
अल्मोड़ा डेस्क।
कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के नाम में बदलाव और इसके अधिकारों में कथित कटौती के विरोध में देशभर में “मनरेगा बचाओ अभियान” चलाने की घोषणा की है। इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी 12 जनवरी से 25 फरवरी तक चरणबद्ध आंदोलन आयोजित करेगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि अभियान का पहला चरण 12 जनवरी को जिला और महानगर मुख्यालयों पर एक दिवसीय उपवास एवं प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन के रूप में आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से कांग्रेस पार्टी देशव्यापी स्तर पर मनरेगा बचाओ संघर्ष की शुरुआत करेगी।
उन्होंने बताया कि 12 जनवरी से 29 जनवरी तक पंचायत स्तर पर चौपाल, जनसंवाद और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए ग्रामीण जनता, मजदूरों, किसानों और महिलाओं को मनरेगा से जुड़े उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
अभियान के अगले चरण में 30 जनवरी को वार्ड और ब्लॉक स्तर पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन होंगे, जिनमें केंद्र सरकार से मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में बहाल करने, बजट बढ़ाने तथा मजदूरों को समय पर रोजगार और भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम इस प्रकार प्रस्तावित हैं—
- 31 जनवरी से 6 फरवरी: जिला स्तर पर मनरेगा बचाओ यात्रा
- 7 फरवरी से 15 फरवरी: राज्य स्तरीय विधानसभा घेराव
- 16 फरवरी से 25 फरवरी: क्षेत्रीय समापन रैलियां
कांग्रेस नेतृत्व का कहना है कि अल्मोड़ा जिले में अभियान को व्यापक जनसमर्थन के साथ आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि ग्रामीण रोजगार और मजदूरों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी रूप से उठाया जा सके।
