अल्मोड़ा: “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” — प्रशासन पहुँचा न्याय पंचायतों तक
“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के संकल्प के साथ प्रशासन गाँव की ओर अभियान का शुभारंभ जनपद अल्मोड़ा की सभी न्याय पंचायतों में आज से क्रमवार रूप से हो गया। अभियान के पहले ही दिन जनपद के 11 विकासखंडों की 13 न्याय पंचायतों में प्रशासनिक शिविर आयोजित किए गए, जहाँ आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा ने न्याय पंचायत सल्लाभाटकोट में राजकीय इंटर कॉलेज भल्यूटा में आयोजित शिविर में प्रतिभाग किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुँचाई जाए।
शिविरों के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा कुल 6 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका तत्काल निस्तारण किया गया।
समाज कल्याण विभाग द्वारा एक व्हीलचेयर और दो सहायक छड़ियाँ पात्र लाभार्थियों को प्रदान की गईं, जबकि दो वृद्धावस्था पेंशन और एक दिव्यांग पेंशन के नए आवेदन भी स्वीकार किए गए।
स्वास्थ्य विभाग ने 33 लोगों को चिकित्सीय परामर्श एवं दवाइयाँ उपलब्ध कराईं। वहीं आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग द्वारा 44 लोगों को परामर्श व उपचार दिया गया।
डेयरी विकास विभाग ने 56 ग्रामीणों को पशुपालन संबंधी परामर्श एवं दवाइयाँ वितरित कीं।
खाद्य विभाग द्वारा एक यूनिट का निरस्तीकरण तथा तीन नई यूनिट जोड़ने की कार्रवाई की गई।
राजस्व विभाग ने 15 भूमि प्रमाणपत्र जारी किए तथा एक नाम संशोधन का कार्य संपादित किया।
कार्यक्रम में डीएफओ प्रदीप कुमार धौलाखंडी, पुलिस उपाधीक्षक जीडी जोशी, खंड विकास अधिकारी ललित कुमार महावर, मंगल सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर प्रशासनिक सेवाओं का सीधा लाभ उठाया।
