पिथौरागढ़ में स्वामी विवेकानंद जयंती पर ‘रन फॉर स्वदेशी’ का आयोजन, युवाओं को स्वदेशी व राष्ट्रसेवा का संदेश
LOKLENS | पिथौरागढ़
दिनांक 12 जनवरी 2026 को सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, लक्ष्मण सिंह महर परिसर, पिथौरागढ़ में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं रोवर-रेंजर्स इकाई के संयुक्त तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद जी की 164वीं जयंती के अवसर पर युवा जन-जागरूकता कार्यक्रम ‘रन फॉर स्वदेशी (स्वदेशी संकल्प रन)’ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र-छात्राओं द्वारा विश्वविद्यालय परिसर के क्रीड़ा स्थल पर 2 किलोमीटर की दौड़ पूरी की गई। इसके पश्चात एक बौद्धिक सत्र का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ परिसर निदेशक डॉ. हेम चंद्र पाण्डेय तथा छात्र अधिष्ठाता कल्याण डॉ. डी.के. उपाध्याय के उद्बोधन से हुआ।
निदेशक डॉ. हेम चंद्र पाण्डेय ने विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद के जीवन के आध्यात्मिक पक्ष से अवगत कराते हुए उनके राष्ट्र, समाज और युवाओं के प्रति योगदान पर विस्तार से संवाद किया। वहीं छात्र अधिष्ठाता कल्याण डॉ. डी.के. उपाध्याय ने राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर युवा शक्ति को संगठित कर सही दिशा में उपयोग करने विषय पर विचार साझा किए।
बौद्धिक सत्र में बी.ए. पंचम सत्रार्द्ध के छात्र पीयूष धामी ने “संगठन हम करें, आफतों से लड़ें…” तथा छात्रा ज्योति ने “नई फिजा में नए सिरे से…” गीतों के माध्यम से युवाओं को जागरूक करने का प्रयास किया। इसके अतिरिक्त बी.ए. पंचम सत्रार्द्ध की भावना भट्ट, बी.एस.सी. पंचम सत्रार्द्ध के हर्षित कुमार एवं बी.ए. तृतीय सत्रार्द्ध की अक्षिता लूंठी ने स्वामी विवेकानंद के युवाओं से संबंधित विचारों को अपने शब्दों में प्रस्तुत किया।
इसी क्रम में एम.एस.सी. पंचम सत्रार्द्ध के छात्र अभिषेक सिंह पोखरियाल ने पोस्टर के माध्यम से स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना एवं रोवर-रेंजर्स इकाई के कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. जगदीश सिंह, डॉ. राकेश वर्मा, डॉ. भावना मासीवाल तथा डॉ. आशा गोस्वामी द्वारा किया गया।
