लोक Lens न्यूज़आपकी आवाज़, आपकी खबरशनिवार, 28 नवंबर 2026
प्रदेश

अल्मोड़ा में संविधान दिवस पर गोष्ठी, संवैधानिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों पर हुई चर्चा

अल्मोड़ा में संविधान दिवस पर विकास भवन सभागार में गोष्ठी आयोजित हुई। डीएम अंशुल सिंह की मौजूदगी में संविधान की प्रस्तावना पढ़ी गई और अधिकार, कर्तव्य व लोकतांत्रिक मूल्यों पर चर्चा हुई।

अल्मोड़ा में संविधान दिवस पर गोष्ठी, संवैधानिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों पर हुई चर्चा

संविधान दिवस के अवसर पर अल्मोड़ा में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से संविधान के मूल्यों, नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक आदर्शों पर चर्चा की गई। गुरुवार को विकास भवन सभागार में आयोजित गोष्ठी एवं परिचर्चा में अधिकारियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने संविधान की महत्ता पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम सुबह 11 बजे आयोजित हुआ, जिसमें जिलाधिकारी अंशुल सिंह के नेतृत्व में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया। उपस्थित लोगों ने संविधान में निहित मूल्यों और आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प भी लिया।

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि संविधान में निहित मूल्यों, अधिकारों और दायित्वों के प्रति समावेशी समझ विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संविधान देश की कानूनी व्यवस्था का मूल स्रोत है और इसके आदर्शों को केवल पढ़ने तक सीमित न रखकर अपने व्यवहार एवं जीवनशैली में अपनाना चाहिए। नागरिकों को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए।

कार्यक्रम में अभियोजन विभाग की ओर से राज्य सरकार द्वारा पारित विभिन्न कानूनों और उनके महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई। इस दौरान नागरिकों के कानूनी अधिकारों तथा कानून के प्रति जागरूकता के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।

गोष्ठी में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने संविधान, मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों पर अपने विचार रखे। विद्यार्थियों ने संविधान निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों एवं संविधान सभा के सदस्यों को याद करते हुए राष्ट्र निर्माण में संवैधानिक मूल्यों की भूमिका पर चर्चा की। विद्यालयों के शिक्षकों ने भी संविधान की महत्ता और समाज में जागरूक नागरिकों की भूमिका पर विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर मुख्य कोषाधिकारी वीरेंद्र रावत, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (सेवानिवृत्त) विजय मनराल, अभियोजन अधिकारी सीमा भेतवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों के शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

अल्मोड़ा में संविधान दिवस पर गोष्ठी, संवैधानिक मूल्यों और नागरिक कर्तव | लोक Lens न्यूज़