जागेश्वर की मूर्तियों के स्थानांतरण पर प्रशासन ने किया स्पष्ट, फिलहाल नहीं हटाई जाएंगी प्राचीन प्रतिमाएं
जागेश्वर संग्रहालय की प्राचीन मूर्तियों के स्थानांतरण पर प्रशासन ने स्पष्ट किया कि फिलहाल कोई मूर्ति नहीं हटाई जा रही है।

जागेश्वर स्थित पुरातात्विक संग्रहालय की प्राचीन मूर्तियों को दिल्ली स्थानांतरित किए जाने की चर्चाओं के बीच प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। जिला प्रशासन के अनुसार, फिलहाल संग्रहालय की किसी भी मूर्ति को स्थानांतरित करने की कार्रवाई नहीं की जा रही है। मूर्तियों को लेकर फैल रही खबरों के बाद स्थानीय लोगों, पुजारियों और नागरिकों की धार्मिक एवं सांस्कृतिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए विशेषज्ञ समिति ने प्रस्तावित मूल्यांकन और भौतिक परीक्षण की प्रक्रिया भी नहीं की।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की ओर से नई दिल्ली स्थित युग-युगीन भारत संग्रहालय में प्रदर्शनी के प्रस्ताव के संबंध में जागेश्वर संग्रहालय की कुछ प्राचीन मूर्तियों की वर्तमान स्थिति का परीक्षण और पूर्व मूल्यांकन करने के लिए विशेषज्ञ समिति गठित की गई थी। समिति 28 नवंबर को जागेश्वर पहुंची, जहां स्थानीय पुजारियों और नागरिकों ने मूर्तियों से जुड़ी धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत के संबंध में अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
स्थानीय जनभावनाओं और मौके की परिस्थितियों को देखते हुए विशेषज्ञ समिति ने प्रस्तावित मूल्यांकन एवं भौतिक परीक्षण की कार्रवाई नहीं की। समिति ने अपने प्रतिवेदन में वर्तमान परिस्थितियों में चयनित मूर्तियों को आगे की अनुशंसा के लिए नामित नहीं किए जाने की बात कही है। यह प्रतिवेदन भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक को भेज दिया गया है।
जिलाधिकारी ने ASI महानिदेशक को कराया अवगत
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने भी पूरे प्रकरण और स्थानीय जनभावनाओं से भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक को अवगत करा दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जागेश्वर की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत तथा स्थानीय जनभावनाओं का सम्मान सर्वोपरि है।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि मूर्तियों के स्थानांतरण को लेकर किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखें।
जागेश्वर की प्राचीन धरोहरों को लेकर उठे इस मुद्दे के बीच प्रशासन के स्पष्टीकरण से फिलहाल मूर्तियों के स्थानांतरण की चर्चाओं पर विराम लगाने का प्रयास किया गया है।
ये भी पढ़ें






