अल्मोड़ा में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, छह विधानसभा क्षेत्रों में EVM-VVPAT जागरूकता अभियान
अल्मोड़ा में विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर छह विधानसभा क्षेत्रों में EVM-VVPAT जागरूकता अभियान चल रहा है। 924 मतदेय स्थल परिसरों तक पहुंचने का लक्ष्य।

Writing
अल्मोड़ा में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, छह विधानसभा क्षेत्रों में EVM-VVPAT जागरूकता अभियान
अल्मोड़ा | 26 नवंबर 2026
आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर अल्मोड़ा जनपद में निर्वाचन तैयारियां तेज हो गई हैं। मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) एवं वीवीपैट (VVPAT) की कार्यप्रणाली समझाने के उद्देश्य से जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत 19 नवंबर 2026 से ईवीएम एवं वीवीपैट प्रदर्शन और जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान का उद्देश्य मतदाताओं को मशीनों की कार्यप्रणाली से परिचित कराना और मतदान प्रक्रिया को लेकर उनकी जानकारी एवं विश्वास बढ़ाना है।
अभियान के तहत जिला निर्वाचन कार्यालय, कलेक्ट्रेट अल्मोड़ा सहित द्वाराहाट, सल्ट, रानीखेत, सोमेश्वर, अल्मोड़ा और जागेश्वर विधानसभा क्षेत्रों के संबंधित उप जिलाधिकारी कार्यालयों में कुल सात ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए एक मोबाइल प्रदर्शन वाहन तैनात किया गया है, जो निर्धारित रूट के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की जानकारी दे रहा है।
जिला प्रशासन ने जनपद के कुल 924 मतदेय स्थल परिसरों तक जागरूकता अभियान पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके तहत द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र के 149 मतदेय स्थल परिसरों में 12 जनवरी 2027 तक, सल्ट के 139 परिसरों में 13 जनवरी 2027 तक, रानीखेत के 143 परिसरों में 12 जनवरी 2027 तक, सोमेश्वर के 157 परिसरों में 23 दिसंबर 2026 तक, अल्मोड़ा के 145 परिसरों में 7 जनवरी 2027 तक और जागेश्वर के 191 परिसरों में 8 जनवरी 2027 तक प्रदर्शन एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मतदाताओं की सुविधा के लिए मोबाइल प्रदर्शन वाहनों का विधानसभा क्षेत्रवार और मतदेय स्थलवार रूट चार्ट जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है। मतदाता वेबसाइट पर जाकर अपने क्षेत्र में अभियान के पहुंचने की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने नजदीकी ईवीएम प्रदर्शन केंद्र या निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित जागरूकता अभियान में पहुंचकर मशीनों की कार्यप्रणाली समझें। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया की जानकारी प्रत्येक मतदाता के लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए लोगों को इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए।
अभियान से संबंधित जानकारी के लिए मतदाता टोल फ्री नंबर 05962-1950 और दूरभाष नंबर 05962-298469 पर संपर्क कर सकते हैं।
मोबाइल प्रदर्शन वाहन का रूट चार्ट और अभियान की जानकारी यहां देखें:
https://almora.nic.in/vidhansabha-election-26-27/
LokLens News | खबर वही, जो असर करे।






