लोक Lens न्यूज़आपकी आवाज़, आपकी खबरशनिवार, 28 नवंबर 2026
प्रदेश

संविधान दिवस पर CM धामी की 3 घोषणाएं, अभियोजन विभाग को मिलेंगे 25 लाख

उत्तराखंड में संविधान दिवस पर CM पुष्कर सिंह धामी ने अभियोजन विभाग के लिए तीन घोषणाएं कीं। नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण और जागरूकता के लिए 25 लाख रुपये दिए जाएंगे।

संविधान दिवस पर CM धामी की 3 घोषणाएं, अभियोजन विभाग को मिलेंगे 25 लाख

संविधान दिवस पर CM धामी की 3 घोषणाएं, अभियोजन विभाग को मिलेंगे 25 लाख

देहरादून | 26 नवंबर 2026

संविधान दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अभियोजन विभाग को मजबूत बनाने और प्रदेश की न्याय व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण एवं जनजागरूकता के लिए 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने, अभियोजन कार्यालयों के आधुनिकीकरण और सभी जिलों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर सरकार विशेष जोर देगी।

देहरादून पुलिस लाइन में गुरुवार को आयोजित संविधान एवं विधि दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों का आधार है। उन्होंने सभी नागरिकों से संविधान के आदर्शों एवं मूल्यों को अपने व्यवहार और कार्यशैली में उतारने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। यह दिन देश के लोकतांत्रिक इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। उन्होंने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों के योगदान को याद करते हुए संविधान के मूल सिद्धांतों के पालन की आवश्यकता पर जोर दिया।

अभियोजन विभाग के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अभियोजन विभाग के लिए तीन प्रमुख घोषणाएं कीं। पहली घोषणा नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण और जनजागरूकता से जुड़ी है। इसके लिए अभियोजन विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे अभियोजन, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के साथ आम लोगों को नए कानूनों की जानकारी दी जा सके।

दूसरी घोषणा अभियोजन कार्यालयों के आधुनिकीकरण को लेकर की गई। कार्यालयों में कंप्यूटर और अन्य आवश्यक तकनीकी सुविधाओं के विस्तार के लिए अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि कामकाज को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाया जा सके।

तीसरी घोषणा प्रदेश के सभी जनपदों में अभियोजन कार्यालयों की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने से संबंधित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पहलों से अभियोजन विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और न्यायिक प्रक्रिया को अधिक मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।

12 विभूतियों को किया सम्मानित

संविधान एवं विधि दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विधि, समाजसेवा, चिकित्सा, शिक्षा और अभियोजन क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विभूतियों को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में वरिष्ठ अधिवक्ता सीताराम नागलिया, एस.सी. बिरमानी, गोविन्द राम नौटियाल, समाजसेवी कुसुम कण्डवाल, चिकित्सक डॉ. गीता खन्ना, डॉ. महेश कुड़ियाल, समाजसेवी एवं शिक्षाविद् ललित जोशी और सेवानिवृत्त अभियोजक राम सिंह शर्मा, मनोहर लाल सडाना, सुभाष चन्द्र गुप्ता, त्रेपन सिंह बिष्ट एवं सुन्दर सिंह गुसाईं शामिल रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ और ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ पुस्तकों का विमोचन भी किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई तथा विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

नए आपराधिक कानूनों से न्याय व्यवस्था में बदलाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में औपनिवेशिक काल के पुराने आपराधिक कानूनों के स्थान पर भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू किए गए हैं। इन कानूनों के माध्यम से आपराधिक न्याय व्यवस्था को आधुनिक, सरल और नागरिक केंद्रित बनाने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि नए कानूनों में पीड़ितों के अधिकारों और समयबद्ध न्याय पर विशेष जोर दिया गया है। ऐसे में अभियोजन अधिकारियों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। अभियोजन सेवा आपराधिक न्याय व्यवस्था का एक प्रमुख स्तंभ है, जो विवेचना में जुटाए गए साक्ष्यों का कानूनी परीक्षण कर न्यायालय के सामने तथ्यों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करती है।

डिजिटल न्याय व्यवस्था और बुनियादी ढांचे पर जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार न्याय व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए नए न्यायालय भवनों का निर्माण, पुराने भवनों का आधुनिकीकरण, ई-फाइलिंग, डिजिटल कोर्ट और वर्चुअल सुनवाई जैसी सुविधाओं का विस्तार कर रही है। इन व्यवस्थाओं से विशेष रूप से दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के नागरिकों को न्याय तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने युवा अधिवक्ताओं के कौशल विकास, विधि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और महिला अधिवक्ताओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्यस्थल उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून का प्रभाव तभी सुनिश्चित होता है, जब उसका पालन बिना किसी भेदभाव के हो। उत्तराखंड में कानून का राज कायम रखना और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करना सरकार का संकल्प है। उन्होंने अभियोजन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल, सचिव गृह शैलेश बगौली, निदेशक अभियोजन ए.पी. अंशुमान सहित पुलिस एवं अभियोजन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

संविधान दिवस पर CM धामी की 3 घोषणाएं, अभियोजन विभाग को मिलेंगे 25 लाख | लोक Lens न्यूज़