प्रदेश

सेवा पखवाड़े का शुभारंभ: अल्मोड़ा में 971 लोगों ने उठाया सरकारी योजनाओं का लाभ

अल्मोड़ा | LokLens News Desk

सेवा, सुशासन एवं समर्पण की थीम के साथ शनिवार को जनपद अल्मोड़ा में सेवा पखवाड़े का भव्य शुभारंभ हुआ। जनपद स्तरीय उद्घाटन कार्यक्रम के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया। यह विशेष अभियान 4 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक जिले के विभिन्न विकासखंडों में संचालित किया जाएगा।

उद्घाटन अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए सेवा एवं जनकल्याण स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। शिविर में कुल 971 लाभार्थियों ने विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। स्वास्थ्य परीक्षण, आधार पंजीकरण एवं अद्यतन, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं और अन्य सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। पात्र लाभार्थियों को कई योजनाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान किया गया।

बाल विकास विभाग ने दो पात्र लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की, जबकि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत 30 बालिकाओं का निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण के लिए पंजीकरण किया गया। वहीं समाज कल्याण विभाग ने 11 दिव्यांगजनों एवं पात्र लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरित किए।

शिविर में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें छह लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान ऋषिकेश में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा पखवाड़े का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक उनके घर के नजदीक पहुंचाना है, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

मल्ला महल में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पारदर्शी प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से आम जनता तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंच रहा है।

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि सेवा पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक सरल, सुगम एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिविर में अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाए।

विद्यार्थियों के लिए आयोजित करियर काउंसलिंग सत्र में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों एवं विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित अधिकारियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं, करियर विकल्पों और सफलता के अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछकर मार्गदर्शन प्राप्त किया।

कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों और उत्तराखंड की लोक संस्कृति से जुड़े कलाकारों ने लोकगीत, लोकनृत्य और देशभक्ति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। योगाभ्यास और योग प्रदर्शन ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया तथा स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

प्रशासन के अनुसार सेवा पखवाड़े के अंतर्गत आगामी दिनों में जिले के सभी विकासखंडों में बहुउद्देशीय शिविर और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह अभियान 18 जुलाई 2026 तक जारी रहेगा।

कार्यक्रम में मेयर अजय वर्मा, गंगा बिष्ट, गोविंद पिलख्वाल, कुंदन सिंह लटवाल, अनिल सिंह साही, महेश नयाल, नीमा आर्य, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

अल्मोड़ा कुमाऊं महोत्सव की शानदार झलक | संस्कृति, लोक कला और विरासत का भव्य उत्सव।

|| LOKLENS NEWS ||

https://youtu.be/hVfesLPm4lY?si=aeACU-8Dfc3nt0-F

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *