23 जनवरी को बारिश–बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट: पर्वतीय जिलों में तैयारियां तेज
LokLens News | देहरादून |
मौसम विभाग ने 23 जनवरी के लिए उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की आशंका व्यक्त करते हुए कई जिलों में अलर्ट जारी किया है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, अल्मोड़ा और नैनीताल के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में संभावित खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
सचिव ने निर्देश दिए कि संवेदनशील व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, विद्युत, पेयजल, नगर निकाय और पशुपालन विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की सुरक्षा के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में अग्रिम प्रबंधन करने तथा एंबुलेंस सेवाओं को पूर्ण सक्रिय रखने के निर्देश जारी किए गए।
बर्फबारी के दौरान मार्ग बाधित होने की संभावना को देखते हुए उच्च हिमालयी मार्गों पर जेसीबी, स्नो कटर और आवश्यक मशीनरी की अग्रिम तैनाती सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए। पाला प्रभावित क्षेत्रों में फिसलन से बचाव हेतु नमक और चूने के छिड़काव के निर्देश भी जारी हुए।
ठंड से प्रभावित क्षेत्रों में अलाव, रैनबसेरा सेवाओं, हीटर, बिस्तर तथा पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। पशुधन की सुरक्षा के लिए आश्रय, चारे और पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरण और जिला स्तर पर 24×7 नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखने के आदेश भी जारी किए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति की तत्काल सूचना राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र को भेजने को कहा गया है।
