रानीखेत में बर्फबारी के बीच सड़क हादसा
LOKLENS NEWS|रानीखेत |
रानीखेत में बुधवार की शाम हुई बर्फबारी के बीच देर रात एक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना 23 जनवरी की रात लगभग 10 बजे सदर बाज़ार क्षेत्र के मसाला गली–डाबर गली मार्ग पर हुई, जहां गांधी चौक की ओर से आ रहे एक डंपर ने एक युवक को टक्कर मार दी।
मृतक युवक की पहचान लव साह, निवासी रानीखेत, के रूप में हुई है। वह रोडवेज स्टेशन के पास पान की दुकान चलाता था। जानकारी के अनुसार युवक अपने दोस्तों के बुलावे पर घर से निकला था। इसी दौरान तेज़ रफ़्तार डंपर ने उसे कुचल दिया। स्थानीय लोगों द्वारा अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद पुलिस ने डंपर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। चालक रामनगर क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों के तेज़ रफ़्तार से शहर में प्रवेश पर चिंता व्यक्त की है और प्रशासन से नियंत्रण एवं निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
