“पिथौरागढ़ में लोकतंत्र की गूंज: ‘मेरा भारत मेरा वोट’ पदयात्रा में युवाओं की जबरदस्त भागीदारी”
Loklens News
पिथौरागढ़, 29 जनवरी 2026। मतदान जागरूकता अभियान “मेरा भारत मेरा वोट” के अंतर्गत माय भारत द्वारा आज पिथौरागढ़ में एक भव्य पदयात्रा आयोजित की गई, जिसमें 200 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्ण भागीदारी की। यह पदयात्रा लक्ष्मण सिंह महार डिग्री कॉलेज से प्रारंभ होकर मुख्य बाज़ार, गांधी चौक, सिल्थाम सहित नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से शांतिपूर्वक एवं अनुशासन के साथ गुज़री। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं तथा आम नागरिकों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला अध्यक्ष दीपक लोहिया और चंदन डिगारी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिनकी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बनाया। इस अवसर पर माय भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक महेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति हेतु हमारे पूर्वजों ने जो बलिदान दिए, उन्हें स्मरण करते हुए हमें मतदान जैसे महत्वपूर्ण अधिकार का सम्मान करना चाहिए, क्योंकि यह अधिकार अनगिनत संघर्षों के बाद प्राप्त हुआ है और प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह इसका जिम्मेदारी से उपयोग करे तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे। कार्यक्रम को सफल बनाने में अंकित ज्याला, संजीव पंत, तमन्ना कोठारी, दीक्षा मिश्रा, सुमन कुमारी, महेश कुमार, सूरज कुमार, सिमरन (राखी), संजू, दीप्ति, श्वेता, नेहा टम्टा, करन तिवारी, अमन भट्ट सहित माय भारत के अनेक युवा स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा। माय भारत का यह आयोजन “मेरा भारत मेरा वोट” अभियान के तहत युवाओं में लोकतांत्रिक चेतना एवं मतदान जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय और प्रभावी प्रयास साबित हुआ।
