सामाजिक न्याय दिवस पर कुमाऊँ में श्रद्घांजलि—अल्मोड़ा और रानीखेत में मुंशी हरिप्रसाद टम्टा को नमन, कांग्रेस ने कहा: “उनकी विरासत हमारी प्रेरणा”
LOKLENS NEWS |रानीखेत,अल्मोड़ा|
रानीखेत और अल्मोड़ा दोनों स्थानों पर आज स्वर्गीय मुंशी हरिप्रसाद टम्टा की पुण्यतिथि को सामाजिक न्याय दिवस के रूप में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। कुमाऊँ के महान समाज सुधारक और पर्वतीय अंबेडकर के नाम से विख्यात टम्टा जी को कांग्रेस संगठनों ने संयुक्त रूप से नमन करते हुए उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया, दो मिनट का मौन रखा और विचार गोष्ठियों का आयोजन किया। कुमाऊँ क्षेत्र में शिक्षा, समानता और सामाजिक सुधार के लिए उनके योगदान की चर्चा पूरे कार्यक्रम में लगातार होती रही। अल्मोड़ा में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि स्वर्गीय मुंशी हरी प्रसाद टम्टा का पूरा जीवन दलित, शोषित और वंचित समाज के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित था। उन्होंने अपने संघर्ष के माध्यम से सामाजिक भेदभाव, छुआछूत और असमानता के खिलाफ पूरे कुमाऊँ में एक मजबूत जागरण पैदा किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि उनकी पुण्यतिथि को सामाजिक न्याय दिवस के रूप में मनाना उनके विचारों, संघर्ष और योगदान को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि टम्टा जी ने शिक्षा, संगठन और जागरूकता को सामाजिक परिवर्तन का आधार बनाया और कुमाऊँ के वंचित समाज को आत्मसम्मान के साथ मुख्यधारा से जोड़ने का मार्ग दिखाया।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश जोशी ने कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक न्याय, समान अवसर और संविधान प्रदत्त अधिकारों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक संगठन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा सामाजिक न्याय, सद्भाव और भाईचारे की विचारधारा पर चलती आई है और भविष्य में भी इन सिद्धांतों को मजबूती से आगे बढ़ाती रहेगी। अल्मोड़ा कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, पूर्व जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे, पूरन रौतेला, विनोद वैष्णव, राधा बिष्ट, सहज़ाद कश्मीरी, तारा चंद्र साह, वैभव पांडे, दीपक कुमार, निर्मल रावत, दानिश खान, पारितोष जोशी, जगदीश पांडे, जगदीश तिवारी, ललित सतवाल, आनंद बिष्ट, कार्तिक साह, विश्वास टम्टा, मुकेश कुमार, नारायण दत्त पांडे, मनोज वर्मा, आशा शर्मा, प्रकाश डासीला, बलवंत टम्टा, गजेंद्र फर्तियाल, बी.के. भट्ट, नरेंद्र बनोला और तारा मेहरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसी प्रकार रानीखेत में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा होटल सेवेन्टीन में सामाजिक न्याय दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष उमेश भट्ट ने की। वक्ताओं ने कहा कि टम्टा जी ने कुमाऊँ क्षेत्र में शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का आधार बनाते हुए दलित और वंचित समाज को जागरूक किया। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाई, छुआछूत के खिलाफ अभियान चलाया और समान अधिकारों के लिए संगठित संघर्ष किया। वक्ताओं ने कहा कि टम्टा जी के प्रयासों से पर्वतीय क्षेत्रों में सामाजिक चेतना का विस्तार हुआ और समानता तथा न्याय की मजबूत नींव पड़ी। रानीखेत कार्यक्रम में महिला नगर अध्यक्ष नेहा माहरा, अगस्त लाल साह, विनीत चौरसिया, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी, दीप उपाध्याय, जीतन जयाल, प्रदीप रावत, प्रीतम रावत, महेंद्र, राजेश कुमार सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
http://पिथौरागढ़: शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल से मारपीट प्रकरण का विरोध, समस्त शिक्षक और कर्मचारी आज से 2 दिन कार्य बहिष्कार करेंगे।https://youtube.com/shorts/bUEMHW9gOf4?si=J-aFvaeT_Z-pjeKs
दोनों स्थानों पर कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय मुंशी हरिप्रसाद टम्टा के आदर्शों पर चलने, सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए निरंतर संघर्ष करने और समाज में समानता, सद्भाव तथा भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया। कुमाऊँ में आज का दिन इस बात की याद दिलाता है कि सामाजिक परिवर्तन केवल एक व्यक्ति के नहीं, बल्कि पीढ़ियों के संकल्प और संघर्ष का परिणाम होता है, और टम्टा जी की विरासत इसी सतत संघर्ष की प्रेरणा है।
