देश

उत्तराखंड में अपराध बढ़े, कांग्रेस का विरोध

LOKLENS NEWS|अल्मोड़ा|

जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा ने आज उत्तराखंड में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि प्रदेश में अपराध की घटनाओं में तेजी से वृद्धि हो रही है और यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि महिलाओं पर बढ़ते अपराध, चोरी, लूट, नशे के कारोबार और हत्या जैसी वारदातें आम होती जा रही हैं, जिससे जनता के भीतर असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में आम नागरिकों से लेकर सरकारी अधिकारी और कर्मचारी तक सुरक्षित नहीं हैं। हाल की कुछ घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि स्वयं सत्तारूढ़ दल के नेता और विधायक खुली मारपीट की घटनाओं में शामिल पाए जा रहे हैं, जो कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाते हैं। अल्मोड़ा जैसे शांत शहर में अपराधियों का खुलेआम पुलिस को चुनौती देना और इसके बावजूद अभी तक गिरफ्तारी न होना, कांग्रेस के अनुसार कानून व्यवस्था के कमजोर होने का प्रमाण है।

जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज का कहना है कि उत्तराखंड सरकार कानून व्यवस्था संभालने में विफल साबित हो रही है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस प्रशासन राजनीतिक दबाव में निष्पक्ष कार्रवाई करने में असमर्थ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता की सुरक्षा न होकर अपनी छवि बचाने तक सीमित रह गई है। उन्होंने दावा किया कि कमजोर पोलिसिंग और असंगठित प्रशासनिक ढांचा आम नागरिकों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रहा है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने प्रदेश सरकार से मांग की कि कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए त्वरित और ठोस कदम उठाए जाएँ। उन्होंने कहा कि पुलिस तंत्र को राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त किया जाना चाहिए ताकि वे स्वतंत्र रूप से अपराधियों के खिलाफ कार्यवाही कर सकें। साथ ही महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाए जाएँ और अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी रणनीति बनाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द कार्रवाई नहीं करती है, तो कांग्रेस पार्टी जनहित में सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, महिला जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, विनोद वैष्णव, आनंद बिष्ट, नारायण दत्त पांडे, एडवोकेट कुंदन भंडारी, एडवोकेट केवल सती, बार एसोसिएशन सचिव विनोद फुलारा, निर्मल रावत, बी.के. पांडे, गोविंद मेहरा, पार्षद दीपक कुमार, अनूप भारती, मुकेश कुमार, एडवोकेट हिमांशु मेहता, धनंजय साह, सुभाषु रौतेला, विजय कनवाल, दानिश खान, फेमिना खान, ललित सतवाल, साहबुद्दीन, शरद साह, दीपा साह, रविंद्र टम्टा, दीपक भट्ट, नरेश बराकोटी, जगदीश पांडे, पंकज पाठक और हरेंद्र रावत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी ही होगी।https://youtu.be/65irBioDabo?si=W9BBy1zoI1JeWBkS

2 thoughts on “उत्तराखंड में अपराध बढ़े, कांग्रेस का विरोध

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *